औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव भरसेन में दो दिन से लापता युवक का शव मंगलवार सुबह गांव स्थित एक खेत पर शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने छोटे भाई, उसकी पत्नी व तीन सालों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पुत्री की तहरीर पर पांच नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के पीछे भूसा के बंटवारे का विवाद बताया जा रहा है।
भरसेन गांव निवासी सर्वेश कुमार (40) पुत्र सरवन लाल रविवार शाम अपनी पुत्री अंशु के साथ खेत पर भूसा उठाने गए थे। जहां सर्वेश ने गेहूं की कटाई के बाद निकले भूसे को दो हिस्सों में बांट दिया। एक हिस्सा उसने अपने छोटे भाई रिंकू की पत्नी रिंकी से लेने को कहा।
इसी दौरान भूसे के बंटवारे को न्यायसंगत न बताकर रिंकी झगड़ा करने लगी। मृतक की पुत्री अंशु ने बताया कि इसी दौरान चाची रिंकी ने फोन कर अपने क्योंटरा निवासी भाइयों आकाश, गुलजारी व भूरे को बुला लिया। आरोप है कि रिंकी के भाइयों ने खेत पर पहुंचकर अलग-अलग पड़ा भूसा मिलाकर खुद भरना शुरू कर दिया।
इस पर उसके पिता ने अपने हिस्से का भूसा भरते देख विरोध जताया। जिस पर आरोपियों व उसके पिता के बीच कहासुनी हो गई। अंशू ने बताया कि इसके बाद आरोपी उसके पिता को जबरन अपने साथ ले गए। जब शाम तक पिता नहीं लौटे तो उसने यूपी 112 पुलिस को फोन से सूचना दी। जिस पर पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की पर कुछ पता नहीं चला।
इसके बाद अंशु ने दूसरे दिन सोमवार को कोतवाली में पिता के लापता होने की तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू की। मंगलवार सुबह टहलने निकले गांव के लड़कों ने किसान सर्वेश का लहूलुहान शव गांव निवासी राजकुमार के खेत में पड़ा देखा। सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ यादव ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मृतक के छोटे भाई रिंकू उसकी पत्नी रिंकी के अलावा रिंकी के क्योंटरा निवासी तीनों भाइयों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस टीमें हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें मार रही हैं।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
किसान सर्वेश की हत्या के मामले में पुलिस की साफ तौर पर चूक दिखाई दी। रविवार को जब पुत्री अंशु ने यूपी 112 पुलिस को पिता के लापता होने की सूचना दी थी। यदि उसी वक्त पुलिस सक्रिय होकर सर्वेश की तलाश करती तो उसे बचाया जा सकता था।
जमीन के बंटवारे को लेकर भी हत्या की रही चर्चा
भरसेन गांव निवासी किसान सर्वेश की हत्या के पीछे ग्रामीण जमीन के बंटवारे को भी एक कारण मानकर चर्चा करते रहे। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक सर्वेश की तीन पुत्रियां अंशु (22), सिम्मी (14), मोनिका (12) व एक पुत्र अंकुश (16) है। उसकी पत्नी अखिलेश कुमारी की भी दो साल पहले कैंसर से मौत हो चुकी है। जबकि छोटे भाई रिंकू की पत्नी रिंकी अक्सर जमीन के बंटवारे को लेकर भी झगड़ती रहती है। ऐसे में सर्वेश की हत्या के पीछे जमीन संबंधी मामला भी हो सकता है।
पिता की मौत पर रोते-रोते बेहोश हुई पुत्री अंशु। संवाद- फोटो : AURAIYA
सर्वेश कुमार फाइल फोटो। संवाद- फोटो : AURAIYA