ऐरवाकटरा (औरैया)। थाने पहुंची युवती ने सिपाही पर कोर्ट मैरिज के बाद मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है और जांच शुरू कर दी है।
रविवार सुबह थाने पहुंची कन्नौज के तिर्वा निवासी युवती ने थाने में शिकायती पत्र दिया। इसमें बताया कि वह कानपुर नगर में किराये पर कमरा लेकर मेडिकल की पढ़ाई करती थी। इस दौरान फेसबुक के माध्यम से फिरोजाबाद निवासी कटरा में तैनात सिपाही दिलीप से दोस्ती हो गई। दिलीप ने 23 दिसंबर 2020 को अपने दोस्तों की मौजूदगी में उससे कोर्ट मैरिज की।
इसके बाद दोनों कई दिन साथ रहे। इस दौरान दिलीप घर में रखे कागजात और फोन उठा ले गया। साथ ही मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। बताया कि युवती ने 2019 में कानपुर के थाना ठाकुरगंज में दूसरे सिपाही के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था। दोनों मामलों की जांच की जाएगी।