औरैया। समय सुबह करीब 11:30 का था। 50 शैया अस्पताल में एक बालिका वैक्सीनेंशन केंद्र पर पहुंची। रजिस्ट्रेशन के बाद बालिका को वैक्सीन लगी। इसके बाद वह केंद्र से बाहर निकली और फोन कर किसी से बताई कि मैंने तो टीका लगवा लिया। कोई दर्द नहीं हुआ, बस हल्की की चींटी जैसी काटी और कुछ नहीं। तुम भी आकर वैक्सीन लगवा लो।
कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाने के लिए 12 से 14 वर्ष के बच्चे बेहद उत्साहित हैं। बच्चे मम्मी-पापा या अन्य परिजनों के साथ टीकाकारण केंद्रों पर पहुंचकर वैक्सीन लगवा रहे है। जिले में 50 शैया अस्पताल, दिबियापुर, अजीमतल व बिधूना सीएचसी में टीका लगाया जा रहा है। स्कूल खुलने पर स्कूलों में वैक्सीनेशन केंद्र बनाकर 12 से 14 वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।
बड़ी संख्या में बच्चे करा रहे टीकाकरण
कोविड कंट्रोल रूम प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि परिसर में बच्चों समेत सभी के टीकाकरण की सुविधा है। बच्चों में टीका लगवाने को लेकर काफी उत्साह दिख रहा है। वह अपने माता-पिता या अन्य परिजनों के साथ केंद्रों पर पहुंच रहे है।
कई स्थानों पर लगाया जा रहा टीका
वैक्सीनेशन प्रभारी डा. देव नरायन कटियार ने बताया कि पहले दिन सिर्फ 50 शैया अस्पताल में 12 से 14 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण किया गया था। अब बिधूना, अजीतमल व दिबियापुर समेत कुछ स्कूलों में भी टीकाकरण किया जा रहा है।
दूसरों को भी करेंगे टीकाकरण के लिए प्रेरित
मुरादगंज के शिवा पोरवाल ने बताया कि सरकार का 12 से 14 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण कराने का अच्छा फैसला है। कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाया। अब सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अब दूसरों को भी टीका लगवाने के लिए प्रेरित करेंगे।
टीकाकरण के बाद डर खत्म
अयाना के अभिषेक कुमार ने बताया कि वैक्सीनेशन कराने वह केंद्र पर पहुंचे तो पहले तो सुई देखकर डर लग रहा था। तभी केंद्र पर मौजूद स्टाफ अच्छे से लगाया तो दर्द बिल्कुल भी नहीं हुआ। टीकाकरण लगवाने के बाद डर खत्म हो गया।