औरैया। दानवीर भामाशाह की जयंती रविवार को धूमधाम से मनाई गई। दिबियापुर रोड पर स्थित शहीद पार्क में वक्ताओं ने भामाशाह के त्याग और राष्ट्र भक्ति को याद कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष अनूप गुप्ता ने दानवीर भामाशाह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। पालिकाध्यक्ष अनूप गुप्ता ने कहा कि भामाशाह का त्याग और राष्ट्र भक्ति का आदर्श आज के समय में भी सभी के लिए एक प्रेरणास्रोत है। समाज को उनके जीवन से सीख लेनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कहा गया कि मंडी समिति के समीप जो गेट बन रहा है उसका नामकरण दानवीर भामाशाह के नाम पर किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि पहले भामाशाह जयंती के उपलक्ष्य में शोभायात्रा निकालने की पूरी रूपरेखा तैयार की गई थी। हालांकि, जिला प्रशासन द्वारा किन्हीं कारणों के चलते अनुमति नहीं दी गई, इसके कारण इस बार शोभायात्रा नहीं निकाली जा सकी। आयोजकों ने बताया कि आगामी जयंती पर शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन आनंदनाथ गुप्ता ने किया। इस मौके पर बृजेंद्र गुप्ता, पूर्व चेयरमैन दिबियापुर अरविंद पोरवाल, शैलेंद्र गुप्ता, अजय गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, विपिन गुप्ता, उमेश पोरवाल, सागर पोरवाल और अभिषेक गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।
-
भामाशाह के आदर्शों पर चलने का संकल्प
दिबियापुर। कस्बे के नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में रविवार को भामाशाह की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्रा ने कहा कि दानवीर भामाशाह ने अपना सर्वस्व राष्ट्र की रक्षा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया था।
सभासद कुलदीप पोरवाल ने कहा कि भामाशाह राष्ट्र स्वाभिमान के सच्चे प्रहरी थे। इस मौके पर वैश्य एकता परिषद के प्रदेश महासचिव अजय गुप्ता, उमेश पोरवाल, अमित गुप्ता, ऋषि पोरवाल, राहुल अम्बेडकर, सचिन गुप्ता, इकरार, राजकुमार, इंद्रपाल समेत कई लोग मौजूद रहे। (संवाद)
फोटो -36- कार्यक्रम के दौरान मंचासीन अतिथि। संवाद