औरैया। एक दिन बाद नए साल का आगाज हो जाएगा। नव वर्ष पर मेडिकल कॉलेज में बायोमीट्रिक हाजिरी पूरी तरह से लागू कर दी जाएगी। इस हाजिरी के आधार पर ही डॉक्टर से लेकर अन्य स्टाफ का वेतन जारी होगा। रजिस्टर पर हस्ताक्षर की व्यवस्था खत्म हो जाएगी।
चिचौली मेडिकल कॉलेज में दिनों दिन स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ोतरी हो रही है। सीमित स्टाफ के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नये साल में कर्मियों व डॉक्टरों की ड्यूटी पर जोर दिया जाएगा, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करने पड़े। इसके लिए शासन स्तर से बायोमीट्रिक हाजिरी को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सभी डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ व आउट सोर्सिंग स्टाफ के लिए इस व्यवस्था को लागू कर दिया गया है। एक जनवरी से मेडिकल कॉलेज के प्रत्येक स्टाफ को हाजिरी लगाने होगी।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि नए साल में बायोमीट्रिक हाजिरी मेडिकल कॉलेज में सभी के लिए लागू हो जाएगी। इस हाजिरी के आधार पर ही सभी का वेतन जारी किया जाएगा।