अस्पताल में जांच पड़ताल करती पुलिस।
- फोटो : अस्पताल में जांच पड़ताल करती पुलिस।
सहार (औरैया)। थाना क्षेत्र के औरैया-कन्नौज मार्ग पर रविवार देर शाम दो बाइकों की हुई भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। जहां से डॉक्टर ने वृद्ध को तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेेफर कर दिया। वहीं शव को पोस्टमार्टम भेजा। हादसा साइकिल सवार को बचाने में हुआ।
गांव पुर्वा जोरन थाना सहायल निवासी रंजीत (52) रविवार देर शाम जोरनपुर्वा से तिर्वा रिश्तेदारी में बाइक से तेरहवीं संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। उनके पीछे दूसरी बाइक से उतमापुर सहार निवासी विश्राम सिंह (62 ) भी उसी दिशा में जा रहे थे।
जैसे ही दोनों की बाइकें पुर्वा रावत के सामने गिल्टानी पुलिया के पास पहुंची तभी अचानक से सामने से आए एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में दोनों बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई।
हादसे में एक बाइक सवार रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विश्राम सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से गुजर रहे राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया।
जहां डॉक्टर ने विश्राम सिंह की हालत देख तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।