एरवाकटरा (औरैया)। किशनी रोड पर बोलेरो चालक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती घायल हो गया। वह दिबियापुर में रिश्तेदार की शादी से घर को लौट रहे थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर बैठी महिला उछलकर दूर जा गिरी। सीएचसी में उनकी नाजुक हालत देख डॉक्टर ने महिला को सैफई रेफर किया।
इटावा के उदयपुर कलां निवासी सुरेशचंद्र चक्रवर्ती अपनी पत्नी मीरा देवी के साथ दिबियापुर में रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आए थे। रविवार दोपहर करीब 1.30 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। एरवाकटरा-किशनी रोड पर स्थित धर्मकांटे के सामने पीछे से आई बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक पर बैठीं मीरा देवी उछलकर दूर सड़क पर जा गिरीं। उनके सिर में गंभीर चोट आई। जबकि बाइक चला रहे सुरेशचंद्र के हाथ में चोट आ गई। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया।
डॉक्टर ने मीरा को सैफई रेफर किया। उनके पुत्र संदीप ने बताया कि मां सैफई में भर्ती हैं और उन्हें होश नहीं आया है। थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।