बघौली। बघौली थाना क्षेत्र में माधौगंज बघौली मार्ग पर सई नदी के पुल के पास पिकअप ने बाइक सवार ठेकेदार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे खंती में पलट गए। घटना में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि चालक पिकअप को छोड़कर मौके से भाग निकला।
माधौगंज थाना क्षेत्र के हुमायूंपुर निवासी पंकज (32) संडीला के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक प्लाईवुड कंपनी में ठेकेदारी करता था। गुरुवार सुबह पंकज बाइक से कंपनी जा रहा था। माधौगंज बघौली मार्ग पर घने कोहरे के बीच सई नदी पुल के पास पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर होने के बाद बाइक और पिकअप सड़क किनारे खाई में जा गिरी। घटना में बाइक सवार पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पंकज के परिवार में पत्नी रोली और दो बेटियां प्रज्ञा व प्रतिज्ञा हैं।