एरवाकटरा। रिश्तेदारी में जा रहे मां-बेटा शुक्रवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। सीएचसी गेट के पास अचानक कार मुड़ने से उनकी बाइक कार जा घुसी। गनीमत रही कि हादसे में दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं।
कार और बाइक सवार आपस में रिश्तेदार थे, इस पर दोनों पक्षों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। इटावा स्थित थाना व गांव चौबिया निवासी गौरव कुमार अपनी मां मीना देवी के साथ शुक्रवार दोपहर बाइक से थाना क्षेत्र के गांव रठगांव स्थित अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे।
दोपहर में जैसे ही वह गांव एरवाकटरा स्थित सीएचसी गेट के पास पहुंचे, तभी उनके आगे चल रही एक कार चालक ने अचानक गाड़ी को अस्पताल की ओर मोड़ दिया। गौरव जब तक बाइक नियंत्रित कर पाते, उनकी बाइक कार से टकरा गई। हादसे में गौरव और उनकी मां सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोग घायल मां-बेटे को सीएचसी ले गए। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। उपचार के बाद दोनों की स्थिति सामान्य देख चिकित्सकों ने उन्हें जाने दिया। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि कार और बाइक सवार आपस में दूर के रिश्तेदार हैं। पीड़ित ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया।