प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों को जन- जन तक पहुंचाने को निकाली जा रही साइकिल यात्रा में मंगलवार को सपाइयों ने ताकत झोंक दी।
दिबियापुर में पैदल मार्च के बाद ककोर मुख्यालय तक निकली साइकिल यात्रा में सैकड़ों की संख्या में साइकिल एवं दुपहिया वाहन मौजूद रहे।
साइकिल यात्रा की दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव एवं जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव ने अगुवाई की। दिबियापुर विधानसभा स्तरीय साइकिल यात्रा में पूरे विधानसभा से जुटी भीड़ के कारण कई बार जाम की स्थिति बनी।
विधायक प्रदीप यादव के आवास से प्रारंभ हुई साइकिल यात्रा का शुभारंभ डा. अजब सिंह यादव एवं पूर्व प्रधानाचार्य वेदप्रकाश गुप्ता ने झंडी दिखाकर किया। विधायक प्रदीप यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव में दोबारा सरकार बनाने का आह्वान किया।
कहा कि पार्टी की नीतियां जन- जन तक पहुंचाकर पार्टी की दोबारा सरकार बनाई जा सकती है।
सपा विधायक प्रदीप यादव, जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव, राज्य महिला आयोग सदस्य गीता गुप्ता, विधानसभा प्रभारी कमलेश यादव, ब्लाक प्रमुख विनय यादव, वैकुंठ यादव, सयुस जिलाध्यक्ष कल्लू यादव, नगर अध्यक्ष रवींद्र पोरवाल, व्यापारी नेता कन्हैयालाल गुप्ता, छात्रनेता गौरव यादव आदि की मौजूदगी में पैदल मार्च निकाला गया।
दिबियापुर के प्रमुख रास्तों पर पैदल मार्च के बाद साइकिल यात्रा ककोर मुख्यालय को रवाना हुई। इस दौरान सयुस जिलाध्यक्ष कल्लू यादव एवं छात्र नेता गौरव यादव ने अलग- अलग सैकड़ों युवाओं के साथ साइकिलों से आकर अपनी -अपनी ताकत का अहसास कराया।
विधानसभा प्रभारी दिबियापुर कमलेश यादव ने बताया कि बुधवार को ककोर मुख्यालय पर स्थित पार्टी कार्यालय पर जनसभा का आयोजन कर पार्टी की नीतियों से अवगत कराया जाएगा।
इस दौरान खासी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। दावा किया कि आज की साइकिल यात्रा में लगभग दो हजार साइकिल व मोटरसाइकिलें मौजूद रहीं।