बिधूना। घर से स्कूल जा रही कक्षा 12 की साइकिल सवार छात्रा को पीछे से ट्रैक्टर-टाॅली ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सीएचसी अछल्दा में नाजुक हालत देख डॉक्टर ने उसे सैफई रेफर किया।
अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव नगला भदौरिया निवासी जूली (18) पुत्री क्षय त्रिपाठी अछल्दा के नेविलगंज स्थित देहाती इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे साइकिल सवार छात्रा स्कूल जा रही थी। तभी गांव गुनौली स्थित केला देवी मंदिर के पास पीछे से ट्रैक्टर ने लापरवाही से चलते हुए टक्कर मार दी। इससे छात्रा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना पर छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उसे कस्बा स्थित सीएचसी ले गए। वहां से गंभीर हालत में उसे रेफर कर दिया गया। अछल्दा थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)