फफूंद। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) भाग्यनगर ने ब्लॉक के कई स्कूलों में निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को गणित विषय का अभ्यास भी कराया। कई प्रश्न भी पूछे।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, नामांकन, स्कूल चलो अभियान एवं गर्मी में पेयजल व्यवस्था आदि की जानकारी की और आवश्यक निर्देश दिए।
मंगलवार को बीईओ दाताराम ने प्राथमिक विद्यालय दूल्हाराय का पुर्वा, रता का पुर्वा, कुठर्रा, रतवा व पूर्व माध्यमिक विद्यालय बूढ़ादाना का निरीक्षण किया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बूढ़ादाना में कक्षा में जाकर बच्चों से पढ़ाई और डीबीटी आदि सुविधा के विषय में जानकारी ली।
उन्होंने कक्षा 8 के बच्चों के साथ शिक्षण कार्य भी किया। गणित के सवाल ब्लैक बोर्ड में लिखकर हल कराए। बच्चों को आत्मविश्वास बढ़ाने के टिप्स दिए।
बच्चों ने बीईओ से जमकर सवाल पूछे तो उन्होंने बच्चों को हंसाते हुए सवालों के उत्तर दिए। बहुत से बच्चों ने उनसे विद्यालय दोबारा आने का अनुरोध किया। इस दौरान उन्होंने रिजल्ट वितरण, डीबीटी, नवीन नामांकन व शिक्षण व्यवस्था के बारे में शिक्षकों से वार्ता की।
स्कूल चलो अभियान के तहत अधिक से अधिक नामांकन और पंजीकृत छात्रों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गर्मी में विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए कहा। मटके रखने के निर्देश दिए। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्मल पांडे, संदीप गुप्ता, वरुण पंवार, सूर्यांश आदि मौजूद रहे।