समाजवादी पार्टी की जिला कार्यकारिणी एवं सहयोगी संगठनों की मासिक बैठक शनिवार को पार्टी मुख्यालय पर हुई। बैठक में प्रमुख रुप से प्रदेश में होने वाले विधान परिषद चुनाव में सफलता प्राप्त करने पर विचार विमर्श किया गया। इसके अलावा चुनाव में तिकड़मबाजों व चाटुकारों से सावधान रहने के लिए भी कार्यकर्ताओं को पाठ पढ़ाया गया।
जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुखी चुनाव में सपा ने प्रदेश नेतृत्व के समक्ष अपना बेहतर रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया है। इसी तरह आने वाले विधान परिषद चुनाव में भी समाजवादी पार्टी से विधान परिषद प्रत्याशी को जिता कर लखनऊ भेजने में तन मन झोंक कर कार्यकर्ताओं को जुटना है।
सपा जिला पंचायत अध्यक्ष राजवीर यादव ने कहा कि विधान परिषद चुनाव के साथ-साथ आने वाले 2017 विधान सभा चुनाव में भी पदाधिकारी व बूथ स्तर के कार्यकर्ता जी जान के साथ लग जाएं। विधान परिषद चुनाव में पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी देगा उसका बखूबी से पालन किया जाएगा।
वहीं पूर्व राज्यमंत्री रामबाबू यादव ने कहा कि सपाइयों ने जनपद में हुए चुनावों में सपा को पूर्ण बहुमत से सफलता दिलाई है। आने वाले विधान परिषद चुनाव में उनकी प्राथमिकता प्रत्याशी को निर्विरोध विजयी घोषित कराने की होगी। उन्होंने कहा कि जिले में सभी ब्लाक प्रमुख समाजवादी पार्टी के हैं। ब्लाक प्रमुखों का यह दायित्व है कि वो अपने-अपने ब्लाकों में प्रदेश नेतृत्व की उपलब्ध्यिों को प्रचार करें।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मो.इरशाद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी वर्गों के प्रति समान भाव से कार्य किए हैं। हाल हीं में हुए ब्लाक प्रमुख चुनावों में समाजवादी पार्टी को 100 में से 100 अंक दिलाए है। नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख सौरभ भूषण ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने राजनीति में जो युवाओं का आगे लाने का फैसला किया है। बैठक के दौरान दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, सदर विधायक मदन गौतम, ब्लाक प्रमुख कमलेश गौतम, राज्य महिला आयोग की सदस्या गीता गुप्ता, रचना सिंह सेंगर, राज्यमंत्री भोला सिंह, रामबाबू यादव, रेखा वर्मा, अवधेश भदौरिया, हाफिज सत्तार, देवेंद्र यादव, सोनू कुशवाहा, अनुज यादव आदि सपाई मौजूद रहे।
इनसेट
अनुशासनहीनता पर बिफरे सपा जिलाध्यक्ष
जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख चुनाव में सफलता हासिल करने के बाद सपाइयों पर जीत का जुनून इस कदर हावी हो गया कि वे वरिष्ठ नेताओं पदाधिकारियों व महिला कार्यकत्रियों का सम्मान तक भूल गए। कैमरे की फ्लैश चलते ही सपाई फोटो खिंचाने के लिए इस कदर टूट पड़े कि बैठक में भगदड़ का माहौल बन गया। पदाधिकारियों के बार-बार मना करने पर भी सपा कार्यकर्ताओं ने उनकी एक न सुनी तब हार कर जिलाध्यक्ष को ही उन्हें मर्यादा में रहने की हिदायत देनी पड़ी।