क्षेत्र पंचायत त्रैमासिक बैठक में बीडीसी सदस्यों व ग्राम प्रधानों ने विकास कार्य में आ रही बाधाओं को उठाया। ब्लाक प्रमुख ने अधिकारियों को ग्रामों के विकास में बाधक न बनने की चेतावनी देते हुए अपनी कार्यशैली में सुधार लाने को कहा।
सदर ब्लाक प्रमुख राजकुमार दुबे ने कहा कि क्षेत्र पंचायत में सभी व्यवस्थाओं व विकास को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। बावजूद इसके कुछ समस्याएं बनी हुई है। उन्होंने बीडीसी सदस्यों व ग्राम प्रधानों से समस्याओं को उजागर करने की अपील की।
बीडीओ एचडी श्रीवास्तव ने विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2014-15 में शासन से सदर ब्लाक को 445 इंदिरा आवास मिले थे, लेकिन अभी दूसरी किस्त न आने के चलते कार्य अधूरा पड़ा है। वहीं लोहिया ग्रामों के लिए 110 आवास दिए गए थे, जिनके निर्माण का कार्य जारी है।
अयाना पशु चिकित्सालय के चिकित्सक ब्रज किशोर राजपूत ने प्रधानों को मिनी कामधेनु योजना के बारे में विस्तार से बताया। एसडीओ विद्युत गजेंद्र सिंह ने ग्रामों को दी जाने वाली बिजली आपूर्ति के शेड्यूल की जानकारी दी।
ग्राम प्रधान अयाना होती लाल ने मई 2014 में आई आंधी में गांव के टूटे सात विद्युत पोलों को आज तक नए न लगाए जाने पर आक्रोश जताया। एसडीओ ने उन्हें जल्द ही समस्या दूर करने का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य विभाग अयाना के अधीक्षक डा. देवनारायण कटियार ने गांवों में समय-समय पर चलाए गए टीकाकरण की जानकारी दी।
बैठक में तहसीलदार सदर रामनयन, नायब तहसीलदार शेमशेर सिंह के अलावा सीडीपीओ औरैया ज्ञानवती पाल, जेई विद्युत एसके मौर्या, शिक्षा विभाग के ब्रजेंद्र राठौर, जेई नलकूप मिजाजी लाल, जेई जल निगम पवन कुमार, एडीओ एग्रीकल्चर राजवीर सिंह आदि ने भाग लिया।