औरैया। बुधवार रात से शुरु हुई बारिश गुरुवार शाम तक होती रही। जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई मोहल्लों व गांवों की सड़कों में पानी भरने से लोग घरों में रहे। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से 200 गांवों की बिजली गुल रही। वहीं खेतों पर खड़ी धान व बाजरे की फसल भी नष्ट हो गई। बीते 24 घंटे में कुल 18.3 एमएम बारिश रिकार्ड की गई।
बारिश के साथ हवाओं की गति 17 से 24 किलो मीटर प्रति घंटा रिकार्ड की गईं। अधिकांश मोहल्लों की सड़कें, गलियां लबालब हो गईं। बस्तियों और बाजारों में जलभराव और सीवर ओवरफ्लो होने से कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि रात के समय हवाएं 17 से 24 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पूरब-पश्चिम दिशा में चलीं। आर्द्रता 98 प्रतिशत दर्ज की गई। दिन के समय अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवाओं की गति 22 किलो मीटर प्रति घंटा रही।
वहीं शहर के मोहल्ला नेबिलगंज, खिड़की साहबराय, प्रार्थूगली, फूलमती मार्केट, किराना बाजार, नरायनपुर, महावीरगंज, ओमनगर, जमालशाह, बनारसादीस नई बस्ती, आवास विकास कालोनी, नगर पालिका परिषद आदि स्थानों पर घंटों जलभराव रहा। देखने को मिला। नेबिलगंज और खिड़की साहबरा मोहल्ले में जलभराव के दौरान गड्डे से अनजान लोग आवागमन के दौरान गिरे। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। वहीं आयाना, बेला, बिधूना, फंफूद, एरवाकटरा, सहायल, सहार, कंचौसी क्षेत्र के गांवों में जल भराव होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई घरों में कच्चे मकान का कुछ हिस्सा गिर गया।
शहर के मोहल्ला नरायनपुर, बनारसीदास नई बस्ती, आवास विकास कालोनी में गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया। पालिका परिसर में पंप के सहारे से पानी निकाला गया। वहीं बाजारों में भी पानी भरने दुकानदार अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर घर चले गए।
औरैया। बारिश से कई जगहों पर पेड़ व बिजली के खंभे गिरने से करीब 200 गांवों की बिजली गुल रही। बिजली विभाग के कर्मचारी व अधिकारी लगातार फाल्ट ढूंढने और बिजली ठीक कराने में जुटे रहे।
औरैया के बिजली घर में पानी भरने और कई जगह पर फाल्ट से सुबह 10 बजे से बिजली गुल हो गई। जो देर शाम बहाल हो सकी। वहीं बिधूना किशनी मार्ग पर नकेड़ी पुलिया के एक पेड़ 33 केवीए की लाइन पर टूट कर गिर गया। जिससे तार टूटने से फीडर की सप्लाई बंद करनी पड़ी। कस्बे समेत दर्जनों गांवों में सुबह सात बजे से देर रात तक आपूर्ति ठप रही। जेई विद्युत विभाग रवि वर्मा ने बताया कि कई जगह पेड़ गिरे हैं। पानी बंद होने पर फाल्ट ठीक कराए जाएंगे। असेनी पावर हाउस से जुड़े नोगवा फीडर के क्षेत्रों तथा कंचौसी कस्बे सहित सात गांवों की बत्ती गुल हो गई। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कस्बे में लोगों को पानी का संकट पैदा हो गया है। मोबाइल स्विच ऑफ हो गए हैं। इनवर्टर भी नहीं चले। वहीं कंचौसी फीडर से जुड़े ढिकियापुर, घसाका पुरवा, बिहारीपुर, कंचौसी गांव ,जमौली, चमरौआ समेत छह गांवों की बिजली गुल रही। असेनी फीडर के एसडीओ अनुराग पांडेय ने बताया कनमऊ गांव में इंसुलेटर खराब होने बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। लाइनमैन को मौके पर भेजकर लाइन ठीक कराई जा रही है।
वहीं बेला, पूर्वा सुजान, कैथावा, बिधूना उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति गुल हो गयी। सुबह से गुल हुई बिजली से मल्हौसी, नीमहार, पृथ्वीपुर, ढिपारा, रामनगर, शिवरा, पटना, भोलपुरवा, याकूबपुर, कसहरी, सहार, माखनपूर्वा नुनारी, अनेसो, बरहादेवी, गैली, भवानीपुरवा समेत 200 गांवों की आपूर्ति ठप रही। रूपपुर सहार उपखण्ड अधिकारी विद्युत वैशाली ने बताया कि तेज हवा के बीच हुई बारिश के चलते कुछ क्षेत्रों में तकनीकी गड़बड़ी उत्पन्न हुई थी, जिसे समय रहते दूर करा दिया जाएगा। वहीं आयाना फीडर बंद होने से 50 अधिक गांवों की बिजली ठप रही।
कंचौसी(औरैया)। बारिश से पुरवामहिपाल, नोगवा रोड, किशोरा रोड, ढिकियापुर रोड में पानी भर गया। वहीं औरैया रसूलाबाद रोड में रेलवे फाटक के पास छोटे-बड़े गड्ढे लबालब हो गए। जिससे राहगीरों काफी दिक्कत हुई। रेलवे कॉलोनी में कई गलियों में कीचड़ भर गया। वहीं कंचौसी और फफूंद स्टेशन के बीच डीएफसी रेलवे ट्रैक के किनारे की मिट्टी धंस गई। जिसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी गई है। पश्चिमी छोर के किलोमीटर 563 के पास मिट्टी धंसकने की जानकारी पर रेलवे ने जल्द टीम भेज कर ठीक कराने की बात कही है
सुबह से हो रही बारिश के कारण कुछ जगहों पर सरकारी व निजी स्कूलों में बच्चे पहुंचे लेकिन मौसम बिगड़ता देख स्कूल बंद हो गए। ग्रामीण क्षेत्र के कई स्कूलों में पानी भर जाने से स्कूल पहुंचे बच्चों को शिक्षकों ने वापस घर भेज दिया।
फोटो-16एयूआरपी-3- बारिश के कारण स्कूल से घर लौटते बच्चे। संवाद- फोटो : AURAIYA
फोटो-16एयूआरपी-5- डीएफसी के किलो मीटर 563 के ट्रैक किनारे धंसी मिट्टी- फोटो : AURAIYA
फोटो-16एयूआरपी-6- बेला क्षेत्र के पिपरौली शिव में टूटा बिजली का खंभा व पेड़। संवाद- फोटो : AURAIYA