दिबियापुर। कस्बे के ककराही स्थित मां पथवरिया देवी मंदिर परिसर में बुधवार दोपहर रंजिश के चलते एक वृद्ध महिला और उनके छोटे बेटे पर हमला हुआ। आरोपियों ने गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
मां पथवरिया देवी मंदिर के पास रहने वाले राघवेंद्र शुक्ल ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर उनकी माता मुन्नी देवी और छोटा भाई सुधांशु शुक्ल घर पर थे। इसी दौरान मंदिर के पुजारी ओमशंकर दुबे परिसर की साफ-सफाई कर रहे थे। तभी पड़ोसी शिवम त्रिवेदी और तन्नू त्रिवेदी अपनी बेटियों दिव्या और सोना के साथ वहां आ धमके। उन्होंने बेवजह गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जब मुन्नी देवी ने उन्हें मंदिर परिसर में गाली-गलौज करने से रोका, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में मुन्नी देवी और सुधांशु शुक्ल घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर अन्य परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्हें आता देख आरोपी धमकी देकर वहां से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी ले गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।