सहार। थाना क्षेत्र के ग्राम सौथरा में औरैया-कन्नौज मार्ग पर सोमवार सुबह ट्रक चालक ने एक ऑटो-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ऑटो-रिक्शा पलट गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। घायल सवारी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ऑटो रिक्शा चालक सहार थाना के पुर्वा दानशाह निवासी सर्वेश कुशवाहा ने बताया कि सवारी भरकर दिबियापुर से सहार आ रहा था। सुबह करीब 4:30 बजे सौंथार अड्डा पर गाड़ी सड़क के किनारे करके सवारी उतार रहा था।
इसी बीच दिबियापुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो-रिक्शा में सवार पुर्वा जैन निवासी मोहित (22) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
थाना सहार के एसआई देवेंद्र सिंह ने बताया कि घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार ले जाया गया। वहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। ट्रक को खड़ा कर थाने लाया गया है। पुलिस ने बताया कि ऑटो चालक ने तहरीर दी है।