बेला (औरैया)। थाना क्षेत्र के गांव भारापुरवा के पास हुई दुर्घटना में युवक की मौत मामले को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को कोतवाली का घेराव किया। आक्रोशित भीड़ और मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल पर मिले खून लगे डंडे के आधार पर सड़क दुर्घटना की रिपोर्ट को हत्या में तरमीम कर लिया।
गांव पट्टी ज्ञानी रखबरिया निवासी जसवंत सिंह (30) पुत्र स्व. देशराज रविवार की देरशाम का शव सहायल-याकूबपुर रोड पर खून से सना मिला था। जानकारी पर घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने एक वाहन के खिलाफ सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मंगलवार की दोपहर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बेला थाना का घेराव कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताया। भाई दीपचंद्र ने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने जबरन सड़क दुर्घटना की तहरीर पर हस्ताक्षर कराए थे, जबकि हत्या की आशंका जताई थी। बताया कि रविवार की शाम जसवंत ढाबे पर खाना खाने गया था। वहां कहासुनी होने पर रामप्रकाश और उसके बेटे सोनू ने जसवंत को डंडे से पीटा था। सिर में डंडा मारने से जसवंत की मौत हुई थी। जिसकी जानकारी वहां मौजूद लोगों ने दी थी।
आक्रोशित भीड़ ने हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की बात कही। इधर, पुलिस ने मृतक के भाई दीपचंद्र की तहरीर ली और पोस्टमार्टम रिपोर्ट और खून से सने डंडे के आधार पर सड़क दुर्घटना के मामले को हत्या में तरमीम किया। थाना पुलिस ने बताया कि दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें रामप्रकाश को हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।