ठेकेदार से जानकारी लेतीं एडीएम रेखा एस चौहान
- फोटो : AURAIYA
औरैया। शरदोत्सव प्रदर्शनी के लिए रविवार रात तक तैयारियां चलती रहीं। आज कृषि राज्यमंत्री प्रदर्शनी प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। एडीएम ने परिसर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया।
शहर के तिलक नगर स्थित पुरानी नुमाइश मैदान में प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इसका शुभारंभ सोमवार सुबह 10 बजे कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राज्य सभा सांसद गीता शाक्य, लोकसभा सांसद रामशंकर कठेरिया, सदर विधायक रमेश दिवाकर, बिधूना विधायक विनय शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा, सदर ब्लाक प्रमुख सौरभ भूषण शर्मा मौजूद रहेंगे।
परिसर में दुकानें सज गईं हैं। रंग-बिरंगी लाइटों से इसे सजाया गया है। औरैया जिला प्रदर्शनी व मेला अधिकारी, एसडीएम सदर रमेश चंद्र यादव व नायब तहसीलदार पवन कुमार ने तैयारियां देखीं। एडीएम रेखा एस चौहान ने रविवार को प्रदर्शनी परिसर पहुंचकर तैयारियों को परखा।
कार्यक्रमों की रूपरेखा
नायब तहसीलदार पवन कुमार ने बताया कि आठ मार्च को सुबह 10 बजे मिशन शक्ति कार्यक्रम के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी/पुलिस अधीक्षक को संयोजक बनाया गया है। नौ मार्च को सुबह 10 बजे से पूर्व सैनिक सम्मेलन होगा। 10 को सुबह बाल नृत्य गायन प्रतियोगिता होगी। 11 को विज्ञान प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 12 मार्च की शाम कव्वाली होगी। 13 को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, 14 को पत्रकार सम्मेलन, 15 को दिव्यांग सम्मेलन, 16 को वरिष्ठ नागरिक सम्मेलन, 17 को पेंशन धारक सम्मेलन होगा। 18 को मैजिक शो, 19 को मानस सम्मेलन, 20 को संगीत सम्मेलन होगा। 21 मार्च को प्रशासन एकादश व पत्रकार एकादश का मैत्री मैच होगा। जिसके लिए एनटीपीसी को जिम्मेदारी दी गई। 22 मार्च को सुबह समापन समारोह होगा।