फोटो-28एयूआरपी-36-घायलों को अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के मुरादगंज-फफूंद मार्ग पर महाराजपुर गांव के समीप बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर परिजनों को जानकारी दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हरसहाय का पुरवा निवासी अभिलाख राजपूत (30), गांव के चरण सिंह (33) के साथ अहमदाबाद गुजरात जाने के लिए एक ट्रैवल्स एजेंसी से टिकट बुक कराने के लिए सोमवार को मुरादगंज आ रहा था।
महाराजपुर गांव के सामने उसकी बाइक सामने से आ रहे एक अन्य बाइक सवार से टकरा गई। हादसे में अभिलाष और चरण गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों की सिर व शरीर में गंभीर चोट होने के कारण मौके पर मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल भेजा। जहां मृतकों के पास से मिले आधार कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर उनकी शिनाख्त प्रदीप कुमार (23) और अमर सिंह (50) निवासी किशनपुर थाना राजपुर कानपुर देहात के रूप में हुई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
परिजनों ने राजपुर पुलिस से संपर्क कर परिजनों से बात की। जिस पर पता चला कि अमर सिंह अपनी पुत्री पूजा को उसकी ससुराल अजीतमल क्षेत्र के ब्यौरा गांव छोड़ने गया था।
वह पुत्री को ससुराल छोड़कर बाइक से वापस घर लौट रहा था। थाना प्रभारी अजीतमल नवीन कुमार ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के आने और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।