बिधूना। जमीन की रंजिश में पांच लोगों ने लाठी-डंडे और तमंचे से लैस होकर एक घर में घुसकर मौजूद दंपती को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
रविवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव किरकिचियापुर निवासी रानी देवी ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के सुभाष चंद्र, महेश चंद्र, प्रदीप कुमार, शिवराज सिंह, भूपेंद्र उर्फ अंशू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि 17 मार्च की रात करीब 9:30 वह अपने पति के साथ घर पर मौजूद थी। इस दौरान नामजद लोग हाथों में लाठी-डंडे और तमंचा लेकर उसके घर में घुस आए।
इन लोगों ने पति बृजेश कुमार को गाली देना शुरू कर दिया। पति ने विरोध किया, तो उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। उसने पति को बचाने का प्रयास किया तो उसे भी मारा।
मारपीट से पति बेहोश होकर गिर पड़े। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग आ गए। पीड़िता ने बताया कि मारपीट से पति का पैर टूट गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।