दिबियापुर। फफूंद चौराहे से लेकर दिबियापुर थाने के बीच चार पहिया वाहनों से कीमती सामान चुराने वाला गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है। गुरुवार को दवाओं के थोक विक्रेता के मुनीम की कार से लगभग एक लाख रुपये रखा बैग चोरी हो गया।
भगवतीगंज स्थित बिहारी जी फार्मा के मुनीम हरवेंद्र सिंह निवासी बर्रू फफूंद ने दिबियापुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गया। वह सेंट्रल बैंक के पास स्थित आशू शर्मा की पंचर की दुकान पर गए।
दुकानदार से पंचर बनाने के लिए कहकर वापस लौटा तो देखा कि कार की एक खिड़की खुली और अंदर रखा बैग गायब था। बैग में 97830 रुपये एवं दुकान के व्यावसायिक कागजात थे।
बिहारी जी फार्मा के स्वामी दिबियापुर नगर पंचायत चेयरमैन अरविंद पोरवाल ने थाना पुलिस से जल्द से जल्द घटना के खुलासे की मांग की है। बता दें कि पूर्व में थाना दिबियापुर से लेकर फफूंद चौराहे के बीच तीन घटनाएं हो चुकीं हैं।
अखिल भारतीय प्रधान संगठन के अध्यक्ष चंद्रभान यादव गुड्डू की कार से टप्पेबाजों ने बैग समेत 50 हजार रुपये निकाल लिए थे। पीडब्ल्यूडी जेई अवध नारायण की कार से भी लैपटाप का बैग चोरी कर लिया था। मामले की रिपोर्ट भी थाने में दर्ज हुई थी, लेकिन खुलासे नहीं हुए। थाने के उपनिरीक्षक प्रदीप अवस्थी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, जांच की जा रही है।