दिबियापुर। नगरीय क्षेत्र में 30 स्थानों पर लोगों को ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए लगने वाले वाटर कूलरों पर पहले विधानसभा चुनाव और विधानपरिषद चुनाव की आचार संहिता की गर्मी ने अड़ंगा लगा दिया है। मार्च माह में ही जून जैसी गर्मी का एहसास होने पर लोगों को ठंडा पानी नसीब नहीं है।
कस्बे की 30 हजार आबादी और राहगीरों को गर्मी के मौसम में ठंडा पानी मिल सके। इसके लिए नगर पंचायत प्रशासन ने शहर के विभिन्न प्रमुख 30 स्थानों पर 30 वाटर कूलर लगवाने की योजना तैयार की।
नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास हुआ था। वाटर कूलर के लिए स्टील के स्टैंड टेंडर होने के बाद लगाए जा चुके हैं, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद अभी तक इनमें वाटर कूलर नहीं लग सके हैं।
राहगीर खाली वाटर कूलर स्टैंड देखकर नगर पंचायत पर अपनी भड़ास निकालते नजर आ रहे हैं। हालांकि अभी तक सड़क किनारे लगे हैंडपंप राहगीरों की प्यास बुझा रहे हैं। यदि यह वाटर कूलर चालू हो गए तो नगर की अधिकांश आबादी को गर्मी में ठंडा पानी मिलने लगेगा।
कुछ इस तरह लगता रहा अड़ंगा
ईओ दिबियापुर के मुताबिक वाटर कूलर लगाने के लिए दो अलग अलग निविदा प्रक्रिया शुरू हुईं थीं। स्टैंड बनाने एवं स्टैंड लगाने के लिए निर्माण कार्य के तहत ई टेंडरिंग प्रक्रिया आठ दिसंबर 2021 को शुरू हुई थी।
30 दिसंबर को निविदाएं खुल गईं थी। इसके बाद वाटर कूलर स्टैंड लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई। नगर पंचायत के जेई पीपी सिंह के अनुसार वाटर कूलरों की आपूर्ति के लिए जेम पोर्टल (गवर्नमेंट ई मार्केटिंग) के माध्यम से निविदा प्रक्रिया शुरू हुई थी।
जेम पोर्टल पर निविदा डालने में तकनीकी समस्या के कारण 15 दिसंबर को निविदा डाली जा सकी। इसबीच में जेम पोर्टल के रखरखाव (मेंटीनेंस) का कार्य होने के कारण निविदा खुलने की 12 दिन की निर्धारित समयावधि के बावजूद तकनीकी निविदा 20 दिन बाद पांच जनवरी को खुल पाई।
तकनीकी निविदा खुलने के 48 घंटे बाद ही वित्तीय निविदा खुलती है। वित्तीय निविदा खुलती इसके पहले ही विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लग गई। जैसे ही विधानसभा चुनाव की आचार संहिता खत्म हुई, तो एमएलसी चुनाव की आचार संहिता लागू हो गई। इस कारण वित्तीय निविदा नहीं खुल पाई।
नगरीय क्षेत्र में वाटर कूलर लगाने की सभी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। आचार संहिता हटते ही कूलर की आपूर्ति मंगाकर लगवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। लोगों को गर्मी में पीने के लिए ठंडा पानी मिल सकेगा। - मोनिका उमराव, अधिशाषी अधिकारी
फोटो 29-एयूआरपी-01- नगर पंचायत कार्यालय परिसर में लगाया गया वाटर कूलर स्टैंड। संवाद- फोटो : AURAIYA
फोटो 29एयूआरपी-03 पेट्रोल पंप तिराहे पर दुर्गा मंदिर के पास लगाया गया स्टैंड। संवाद- फोटो : AURAIYA