औरैया। पूर्व सैनिक कल्याण समिति की ओर से शहर के जालौन चौराहे के पास स्थित एमआरपी गार्डन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। काफी संख्या में पूर्व सैनिकों के अलावा अन्य लोग भी जमा हुए। जहां लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूर्व सैनिकों ने भारत माता के जयकारे लगाकर पूरे वातावरण को राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सूबेदार सत्यभान सिंह चौहान ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आपसी संबंधों को मजबूत करना है। कहा कि जिस तरह से सभी रंग आपस में मिलने के बाद अलग-अलग नहीं किए जा सकते, होली पर्व में भी आपसी बुराइयों को दूर कर फिर से एक होने का संदेश मिलता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कैप्टन जगपाल सिंह भदौरिया ने कहा कि हम सबको अपनी बुराइयां, गिले-शिकवे और द्वेष भावना को होलिका के अग्निकुंड में डालकर भस्म कर देना चाहिए। इससे हमारे अंदर फिर से अच्छे विचार आएं और सभी के लिए अच्छी भावनाएं हों।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व ब्लॉक प्रमुख सूबेदार रामबाबू पाल ने की व संचालन पूर्व सैनिक कल्याण समिति के जिला महामंत्री अनिल चौबे ने किया। संगठन के जिलाध्यक्ष सूबेदार मेजर गिरेंद्र सिंह परिहार ने पूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया।
इस अवसर पर सूबेदार सुरेंद्र सिंह राजावत, विनोद सिंह सेंगर, किशन बिहारी निषाद ,कैप्टन बृजभान सिंह, अखिलेश शुक्ला, अरविंद सिंह राजावत, सुरेश सिंह सेंगर, एसएस सिंह सेंगर, आनंद भदौरिया समेत कई पूर्व सैनिकों ने अपने विचार रखे। भविष्य में ऐसे ही कार्यक्रम कराने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में समिति के जिलाध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।