औरैया। विधान सभा चुनाव को लेकर प्रशासन की तैयारियां जोरों पर है। जल्द ही अधिसूचना लगने की संभावना को देखते हुए तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 30 टीमें बनाई गई हैं। टीमें चुनावी खर्च के अलावा बड़ी मात्रा में नकदी लेकर चलने वालों की भी नजर रखेंगी।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी लवगीत कौर ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लि 10 टीमें सक्रिय की गई हैं। होंगी। इसमें तीन तीन टीमें उड़न दस्ता और स्थायी निगरानी वाली होंगी। इसके अलावा एक-एक टीम सहायक व्यय प्रेक्षक, वीडियो निगरानी, वीडियो के अवलोकन के लिए बतौर लेखा टीम शामिल हैं। कुछ टीमें नकदी और चुनावी खर्च पर नजर रखने के लिए लगाई गई हैं।
साथ ही मीडिया निगरानी के लिए एक समिति, व्यय निगरानी, नियंत्रण कक्ष व काल सेंटर बनाए गए हैं। जिले में 855 मतदान केंद्र और 1280 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इस बार किसी भी बूथ पर 1200 से अधिक वोटर नहीं है। पिछले चुनावों में एक बूथ पर अधिकतम वोटरों का मानक 1500 का था।
जिले में कुल 126 सेक्टर और 13 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी का प्रशिक्षण जनवरी माह में प्रस्तावित है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक बड़ी मात्रा में नकदी लेकर पाए जाने वालों की पूरी जांच पड़ताल की जाएगी। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सभी तैयारियां की जा रही हैं।