औरैया। सड़कों को गड्ढामुक्त करने के दावे जिले में हवाहवाई साबित हो रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने 1.70 करोड़ रुपये खर्च करके जिन सड़कों के गड्ढे भरे वह अभी भी जर्जर हालत में हैं। हालात यह हैं कि जिन सड़कों पर एक माह पहले पैचवर्क हुआ, वह फिर से पुरानी सूरत में नजर आ रही हैं।
जिले की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए शासन ने 30 नवंबर तक का समय लोक निर्माण विभाग को दिया था। विभागीय अधिकारियों ने भी कागजों पर ही कई सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया। इसकी बानगी शहर के जालौन रोड व सहार ब्लाक क्षेत्र के गांव भूलाहार से गुजरे औरैया-कन्नौज मार्ग हैं।
जहां विभागीय दावे पूरी तरह से फेल होते नजर आ रहे हैं। इन मार्गों की हालत यह है कि यहां पता ही नहीं चल रहा है कि सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है। पैचवर्क पर शासन से जारी किए गए एक करोड़ 70 लाख रुपये भी खर्च हो गए हैं। ऐसे में विभागीय कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।