फोटो - 16एयूआरपी36-अधूरे पड़े सर्विस रोड़ का निरीक्षण करते एनएचएआई के परियोजना निदेशक व ब्लाक प्रमु
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल(औरैया)। एनएच-19 बने लंबा अर्सा बीत गया है। लेकिन हाईवे के किनारे बसे गांवों को जोड़ने के लिए बनाए जाने वाला सर्विस रोड अभी भी अधूरा है। जिस वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। समस्या निस्तारण के लिए ब्लाक प्रमुख ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। साथ ही जल्द समस्या हल किए जाने की बात कही।
ब्लॉक प्रमुख अजीतमल रजनीश पांडेय ने गुरुवार को एनएचएआई के परियोजना निदेशक के साथ जिले की सीमा में हाईवे पर मोहारी, गोपालपुर, प्रतापपुर-शहबाजपुर व करमपुर गांवों के समीप स्थित ओवरब्रिज का सर्विस रोड निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम अखिलेश कुमार भी मौजूद रहे। ब्लॉक प्रमुख ने अधिकारियों को बताया कि अभी सर्विस रोड पूरी नहीं हो सकी है। इन अधूरे पड़े सर्विस रोड से लोगों को या तो अवैध कटों से निकलना पड़ता है या फिर गलत दिशा में कई किलोमीटर तक चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। जिसके चलते गोपालपुर मोड़ बिजली घर के पास, मोहारी गांव तथा सिकरोड़ी मोड़ आदि के पास लोग हादसे का शिकार होते हैं।
हादसे में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। किसानों को अभी तक जमीन का मुआवजा नहीं मिला है। चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर उमेश मिश्रा के साथ वार्ता की और समस्या के निदान कराए जाने की बात कही। परियोजना निदेशक पंकज मिश्रा ने बताया कि हाईवे किनारे फेंसिंग (मवेशी हाईवे पर न आ पाए) के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। शीघ्र ही पूरे हाईवे पर फेंसिंग करने की व्यवस्था की जा रही है। अधूरे पड़े सर्विस रोड किसानों से वार्ता की जाएगी।