औरैया। टीकाकरण के साथ अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होते देखकर सीएमओ ने सात दिसंबर को स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों का कार्य क्षेत्र बदला था। इनमें तीन स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों ने पद पर दायित्व का निर्वहन न करने की बात कह इस्तीफा दिया था। शुक्रवार को दो डॉक्टरों के पद से इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए। जबकि एक ने कार्यभार संभालने की बात कही है। विभाग जल्द ही खाली हुए दो केंद्रों पर प्रभारियों की तैनाती करेगा।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि अजीतमल स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी रहे डॉ. विमल कुमार, सहार स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. राकेश सिंह ने केंद्र प्रभारी पद से इस्तीफा दिया था। इनके इस्तीफा स्वीकार कर लिए गए हैं। दोनों लोग बतौर मेडिकल ऑफीसर काम करेंगे। अभी विभाग की प्राथमिकता है कि संक्रामक रोगों पर नियंत्रण किया जाए। साथ ही टीकाकरण अधिक से अधिक कराया जाए। इसको लेकर तैयारियां शुरू हैं। अजीतमल और सहार स्वास्थ्य केंद्रों में जल्द ही अनुभवी चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी।