फोटो 07 एयूआरपी 40 - अधिकारियों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। जिले में चल रहे विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान डीएम सख्त नजर आए। उन्होंने अधूरे पड़े विकास कार्यों में तेजी लाने तथा पूरे हो चुके निर्माण कार्यों को संबंधित विभाग को हस्तांतरित किए जाने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए सबसे पहले जिलाधिकारी ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव से चर्चा की। कोरोना संक्रमण और डेंगू के बारे में विशेष सावधानी और तैयारी करने की बात कही। इसके साथ ही गोल्डन कार्ड वितरण की जानकारी ली। जिस पर सीएमओ ने बताया कि अभी तक 153528 गोल्डन कार्ड वितरित किये जा चुके हैं। नवंबर माह में 283 गोल्डन कार्ड धारकों ने अपना इलाज कराया है। अब तक 5306 लाभार्थियों का इलाज किया जा चुका है। इसके साथ ही 37 बिंदुओं में शीर्ष विकास कार्यक्रमों, गोवंश आश्रय स्थलों के निर्माण एवं रखे गए गोवंश के रखरखाव, 50 लाख से अधिक लागत के सड़क भवन निर्माण कार्यों व एक करोड़ से अधिक लागत के पूर्ण कराए गए कार्यों, जिला पंचायत द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने डीपीआरओ से सामुदायिक शौचालय एवं पंचायत भवन के निर्माण के बारे में पूछा। जिस पर डीपीआरओ ने बताया कि जनपद में 437 सामुदायिक शौचालय का निर्माण पूरा हो चुका है और 19 निर्माणाधीन है। 188 पंचायत भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है। जिसमें 14 निर्माणाधीन है। इसके साथ ही दिबियापुर बस स्टेशन और ट्रॉमा सेंटर के लिए रोड के निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं उनका गठित समिति के द्वारा सत्यापन कराने के पश्चात ही हैंड ओवर किया जाए। जो कमियां पाईं जाएं उन्हें दूर कराया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कमार सिंह, सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, डीएसटीओ बब्बन प्रसाद मौर्य आदि अधिकारी मौजूद रहे।