फोटो-07एयूआरपी-49- थाने के अंदर सिपाहियों के साथ फोटो मौजूद अपराधी। संवाद
- फोटो : AURAIYA
बिधूना (औरैया)। बिधूना कोतवाली के सिपाहियों के साथ एक अपराधी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जानकारी होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ने पूरे मामले की जांच सीओ बिधूना को सौंपी है।
थाने के कुछ सिपाहियों का स्थानांतरण किया गया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर स्थानांतरित होकर दूसरे स्थान पर जा रहे सिपाहियों का स्वागत समारोह कार्यक्रम कोतवाली में किया गया। इस दौरान सिपाहियों के साथ फोटो खिंचा रहे स्थानीय लोग मौजूद थे। उन्हीं में से एक व्यक्ति कई आपराधिक मामलों में आरोपी रहा। जिसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बता दें कि फोटो में दिख रहे अपराधी के ऊपर बिधूना कोतवाली में संगीन धाराओं समेत विभिन्न मामलों के छह मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें पुलिस को आरोपी की छह माह से सक्रियता से तलाश है। ऐसे में अपराधी के साथ पुलिस कर्मचारियों की फोटो वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि फोटो वायरल किए जाने की जानकारी हुई है। सीओ बिधूना महेंद्र प्रताप सिंह को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने पर उसी अनुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। उधर, जांच मिलने के बाद सीओ बिधूना कोतवाली में दर्ज अपराधी के आपराधिक इतिहास खंगालने में जुट गए हैं। लोगों में चर्चा है कि जिन सिपाहियों के साथ अपराधी की फोटो वायरल हो रही है वही सिपाही अपराधी को पकड़ने के लिए कई बार दबिश देने गए थे। जहां न मिलने का बहाना बताकर वापस लौटते रहे।