औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव लिधौरा में 27 नवंबर को वाहन निकालने को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
एएसपी शिष्यपाल ने बताया कि गांव लिधौरा निवासी जहीर खान (45) पुत्र नजीर खान 27 नवंबर के दिन अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनके घर के सामने इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र के गांव खेड़ापति निवासी प्रेम किशोर पुत्र स्व. दशरथ व एक अन्य व्यक्ति के बीच वाहन निकालने को लेकर विवाद हो गया। यह देख घर के बाहर बैठे जहीर खान ने दोनों को समझाने का प्रयास किया। तभी आक्रोश में आए कार चालक प्रेम किशोर ने जहीर खान पर तमंचे से फायर कर दिया। जिससे गोली उसके पेट में लग गई थी। घायल का कानपुर में इलाज चल रहा है। इस प्रकरण में घायल की पत्नी शबाना की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
इधर, अछल्दा थाना पुलिस ने शनिवार की रात लगभग 10 बजे घसारा गांव के पास चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। तलाशी में पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा 32 बोर व एक कारतूस बरामद किया है।