फोटो-25एयूआरपी-12- चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामाना। संवाद
- फोटो : AURAIYA
फफूंद(औरैया)। थाना क्षेत्र के दखलीपुर में शनिवार की रात चोरों ने तीन घरों में घुस कर लाखों के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। सुबह होने पर गृहस्वामियों को घटना की जानकारी हुई। एक साथ तीन घरों में चोरी होने की जानकारी पर पहुंची पुलिस पीड़ित परिवारों से जानकारी कर खुलासे में जुट गई है।
शनिवार की रात चोरों ने सबसे पहले दखलीपुर के सरला देवी के घर को निशाना बनाया। सरला ने बताया कि परिवार के सभी लोग छत पर सो रहे थे। सुबह उठे तो घर पर सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर के अंदर बक्से का ताला तोड़ कर उनके व बहू रोमा के लगभग ढाई लाख रुपये कीमत के जेवरात और 20 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
इसके बाद चोरों ने सईद खां के घर पर सीढ़ी से नीचे उतर कर चोरी की। सईद ने बताया कि कमरे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर पत्नी शमशीदा का लगभग दो लाख रुपये का जेवर चोरी कर ले गए। वहीं, दूसरे कमरे में रखे भाई वहीद की पत्नी नूरजहां के ढाई लाख रुपये का जेवर व 15 हजार रुपये, मां के एक लाख के जेवर चोरी कर ले गए।
तीसरी वारदात चोरों ने कमल किशोर शुक्ला के घर पर की। इनके घर से चोर बक्से का ताला तोड़ कर पांच हजार की नगदी ही चोर कर पाए। सुबह होने पर लोगों को चोरी की जानकारी हुई। घरों में सामान बिखरा देख हड़कंप मच गया। एक साथ तीन घरों में चोरी होने से लोग दहशत में है। चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घरों में पहुंच कर गृह स्वामियों से जानकारी की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही चोरी करने वाले लोगों की गिरफ्तारी कर खुलासा किया जाएगा।