फोटो-24एयूआरपी-4- बिधूना थाने में शिकायतें सुनते सीओ मुकेश प्रताप सिंह। संवाद
- फोटो : AURAIYA
बिधूना(औरैया)। थाने स्तर पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर चलाए जा रहे थाना दिवस की पांच माह बाद शुरुआत हुई। लोग शिकायतें लेकर काफी संख्या में थाने पहुंचे। लेकिन क्षेत्रीय लेखपालों के न पहुंचने पर राजस्व संबंधी मामलों का निस्तारण नहीं कराया जा सका। जिस पर सीओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए उच्चाधिकारियों को जानकारी दी है।
जनता की समस्याओं को सुनने के लिए लगभग 5 माह बाद थाना दिवस का आयोजन किया गया। कोतवाली बिधूना में आयोजित थाना दिवस में सीओ मुकेश प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी शशांक राजपूत ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान भूटा निवासी संजय सिंह ने खेत में मेड़ को लेकर शिकायती पत्र दिया। भिखरा निवासी केबीसीएल के एजेंट राजेश बाबू ने शिकायती पत्र देते हुए मारपीट का आरोप लगाया है। बीराऊसर निवासी सुरार पत्नी सुरेशचन्द्र ने आम रास्ते में अवरोध उत्पन्न करने की शिकायत दर्ज कराई। उडेलापुर निवासी सुशीला देवी पत्नी राकेश कुमार ने जमीन की पैमाइश को लेकर शिकायती पत्र दिया।
सभी शिकायतों को एक सप्ताह के अंदर निष्पक्ष तरीके से निस्तारण करने के लिए निर्देश पुलिस अधिकारियों ने दिए। थाना दिवस में सभी क्षेत्रीय लेखपाल मौजूद न होने पर सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने नाराजगी जाहिर की। इसकी जानकारी तहसील के उच्चाधिकारियों को दी गई है। थाना दिवस में लेखपालों के न पहुंचने के कारण राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निस्तारण नहीं कराया जा सका।