बिधूना। तहसील आ रहे बाइक सवारों को चंद्रपुर के पास तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बाबा और पौत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी भर्ती कराया गया। जहां से बाबा को गंभीर हालत में हैलट रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गुरुवार को सहायल थाना क्षेत्र के ग्राम नगला तिमोली निवासी रामनाथ (55) अपने पौत्र हरिओम (20) के साथ बाइक से किसी काम से बिधूना तहसील आ रहे थे। जैसे ही वह चंदरपुर के समीप पहुंचे तभी बिधूना से चंदरपुर की ओर तेज गति से जा रहे ई-रिक्शा और बाइक में भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने एंबुलेंस 108 की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में रामनाथ को हैलट कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
इस संबंध में उपनिरीक्षक लोकेंद्र ने बताया कि पंचनामा भर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी