बिधूना (औरैया)। चुनावी रंजिश के चलते कुसमरा में कुछ लोगों ने सामुदायिक शौचालय का निर्माण रुकवा दिया। विरोध करने पर प्रधान व पूर्व प्रधान समेत मेठ की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में घायलों अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ब्लॉक क्षेत्र के गांव कुसमरा प्रधान राजनरायण ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव में सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन के निर्माण के लिए मिट्टी भराव का काम चल रहा है। इस पर गांव के कुछ लोगों ने काम रुकवा दिया। मौके पर मौजूद पूर्व प्रधान विजय सेंगर, मनरेगा मेठ आलोक कुमार ने कारण पूछ तो दबंग हमलावर हो गए और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में उसे व पूर्व प्रधान व मेठ को गंभीर चोट आई है। मारपीट में घायल तीनों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशांक राजपूत ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर नहीं मिली है और न ही कोई जानकारी है। तहरीर मिलने पर इसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।