सहायल (औरैया)। सहार ब्लॉक के नबीमोहन सिखु स्थित गेहूं खरीद केंद्र पर किसानों से तौल कराने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले केंद्र प्रभारी/ सचिव को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त एंव सहायक निबंधक सहकारिता ने की है। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जांच शुरू की गई है। इसमें किसानों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
गौरतलब है कि पिछले गुरुवार को क्षेत्र के ग्राम नबीमोहन स्थित सरकारी किसान संघ के केंद्र प्रभारी राजवीर यादव का किसानों से गेहूं खरीद के बदले में 60 से 70 रु मांगने का वीडियो वायरल हुआ था। जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया, एक तरफ जहां किसान केंद्रों पर बारदाना न होने से किसान परेशान थे, वहीं दूसरी तरफ किसानों का गेहूं तौल कराने के नाम पर शोषण किया जा रहा था। लाचार किसान किसी तरह गेहूं बेचने को तैयार थे। इधर, समस्या बढ़ी तो किसानों ने वीडियो बना कर वायरल कर दिया। मामले को डीएम ने गंभीरता से लिया।
डीएम सुनील कुमार वर्मा ने एआर कोऑपरेटिव कमलाकांत मिश्रा को प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिए थे। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता कमलाकांत मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की गईं, जिसमें केंद्र प्रभारी को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। जिसके चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई की जा रही है।