सहायल (औरैया)। सहार ब्लॉक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बनाए गए सामुदायिक शौचालय अधूरे पड़े हैं। ग्राम पंचायत भटौली व पुर्वा फकीरे में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण कागजों में पूर्ण हो चुके हैं। यहां सफाई कर्मियों की नियुक्ति भी कर दी गई है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि दोनों शौचालय अधूरे पड़े हैं।
ग्राम पंचायत भटौली फफूंद में बने सामुदायिक शौचालय का जिला पंचायत राज कार्यालय से जियो टैगिंग भी कराई जा चुकी है, लेकिन धरातल पर इसका निर्माण अधूरा पड़ा है। सामुदायिक शौचालय में पानी का इंतजाम नहीं है, अभी तक बिजली का कनेक्शन भी नहीं लिया गया है। शौचालय के रखरखाव के लिए स्थानीय स्तर पर एक सफाई कर्मी भी नियुक्ति हो चुकी है। जिसका करीब छह हजार रुपये मानदेय निर्धारित किया गया है। अधूरे पड़े शौचालय में पंचायत सचिव ने ताला जड़ दिया है।
वहीं, दूसरी तरफ क्षेत्र के ही ग्राम पंचायत पुरवा फकीरे में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है, यह शौचालय भी अधूरा पड़ा है। बाहर की रंगाई-पुताई करा दी गई है। पानी की व्यवस्था के लिए टंकी रख दी गई, लेकिन अभी तक बोरिंग नहीं हुई है और न ही कोई बिजली कनेक्शन लिया गया है। यहां भी देखरेख के लिए सफाई कर्मी की नियुक्ति है। लेकिन हालात यह है कि कई महीनों से शौचालय में ताला पड़ा है। जिससे जिम्मेदार अधिकारी शासन की मंशा पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं।
बोले जिम्मेदार
अभी उनको चार्ज लिए दो दिन ही हुए हैं उनको इस संबंध में ज्यादा जानकारी नही, लेकिन इस संबंध में जल्द पंचायत सचिवों के साथ बैठकर कर अधूरे पड़े सामुदायिक शौचालय को पूरा कराया जाएगा।
-मुनीष सिंह, सहार खंड विकास अधिकारी