फोटो18एयूआरपी 24- अनिकेत (फाइल फोटो)
- फोटो : AURAIYA
औरैया। शहर के मोहल्ला गोविंद नगर निवासी प्रतियोगी छात्र की कानपुर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पिछले दो साल से बड़ी बहन के साथ रहकर कानपुर में प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसका शव फंदे से लटका मिला।
मोहल्ला गोविंद नगर निवासी सुभाष चंद्र मिश्रा का पुत्र अनिकेत (19) कानपुर में कल्याणपुर क्षेत्र में एक किराये के मकान में अपनी बड़ी बहन रितु के साथ रहकर दो साल से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। बहन प्रियंका ने बताया कि मंगलवार को मां स्वर्णिम लता कानपुर गईं थीं। देर शाम बहन रितु के साथ औरैया लौट आईं। इसके बाद जब बुधवार को फोन करके भाई से बात करनी चाही तो फोन मकान मालिक के पुत्र ने उठाया। उसने भाई की मौत की सूचना दी। पुत्र की मौत की जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में सभी लोग कानपुर पहुंचे। जहां से पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव लेकर गुरुवार को औरैया लौटे।
पड़ोस के त्रिलोकीनाथ मिश्रा ने बताया कि सुभाष मिश्रा के दो पुत्रियों में अनिकेत अकेला एक पुत्र था। जन्म के एक माह बाद अचानक से अनिकेत की तबियत बिगड़ गई थी। इस पर उसके पिता ने लगभग ढाई-तीन लाख रुपये खर्च कर अनिकेत का इलाज कराया था। बताया कि सुभाष मिश्रा की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। पुत्र अनिकेत पढ़ाई में होशियार था। जिससे पूरे परिवार को काफी अपेक्षाएं थीं। ऐसे में उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
घटना के संबंध में अनिकेत के मामा हरीकिशन शुक्ला ने बताया कि अनिकेत के गले पर कई निशान थे। इससे आशंका है कि उसकी हत्या कर किसी ने शव को फांसी पर लटका दिया है। उधर, पुत्र का शव देखते ही पिता सुभाष की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें 50 शय्या में भर्ती कराया।