औरैया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बुधवार को ग्राम पंचायत प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए आरक्षण सूची जारी कर दी गई। चार माह से आठ मार्च के बीच संबंधित कार्यालयों पर उक्त पदों पर आपत्तियां दर्ज की सकेंगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि जिला पंचायत के प्रधान पद के 477, ग्राम पंचायत सदस्य पद के 5909, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 580 व जिला पंचायत के 23 पदों के लिए आरक्षण सूची बुधवार को जारी हो चुकी है। संबंधित पदों पर आपत्ति के लिए चार से आठ मार्च को शाम पांच बजे तक आपत्तियां ली जाएंगी। जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, ब्लॉक कार्यालयों तथा जिला पंचायत राज कार्यालय में आपत्तियां दी जा सकती हैं। 14 मार्च को अंतिम आरक्षण सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
गुरुवार को औरैया, अजीतमल, भाग्यनगर, अछल्दा, एरवाकटरा, बिधूना व सहार ब्लॉक पर प्रधान पदों को लेकर आपत्तियां आने का सिलसिला शुरू हो गया है। एक अधिकारी का कहना है कि शासन की गाइड लाइन को ध्यान में रखकर सूची को तैयार किया गया है। इसमें किसी प्रकार की त्रुटि होना मुमकिन प्रतीत नहीं होता।