फोटो04एयूआरपी 07- नेटवर्क समस्या के चलते रिजर्वेशन काउंटर बंद होने का नोटिस।
- फोटो : AURAIYA
औरैया। नरायनपुर मोहल्ले में स्थित डाकघर में पांच दिन से रेलवे के टिकट का रिजर्वेशन बंद है। रेलवे रिजर्वेशन काउंटर का पांच दिन से टेलीफोन लाइन का तार कटा होने से नेट सेवा बाधित है। साथ ही रिजर्वेशन का काम देख रहे कर्मचारी का ट्रांसफर होने से भी समस्या खड़ी हो गई है।
प्रधान डाकघर में संचालित रेलवे रिजर्वेशन काउंटर पांच दिनों से बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन का टिकट बुक कराने के लिए 22 किमी दूर दिबियापुर स्थित फफूंद स्टेशन जाना पड़ रहा है। दूसरी ओर रिजर्वेशन काउंटर संचालित करने वाले कर्मचारी का स्थानांतरण हो जाने से डाकघर प्रशासन के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। डाकघर प्रशासन के अनुसार, रिजर्वेशन काउंटर संचालित कराए जाने के लिए एक कर्मचारी की आईडी बनाई जाती है। उसी आईडी से रिजर्वेशन काउंटर का संचालन होता है। अचानक से हुए स्थानांतरण से अब कर्मचारी और आईडी की समस्या उत्पन्न हो गई है।
अधिकारी बोले
एक माह में दो बार स्मैकियों द्वारा लीज लाइन की केबल काट ले जाने से समस्या खड़ी हो रही है। ऐसे में अब अंडर ग्राउंड केबल बिछाए जाने के लिए टेलीफोन विभाग को पत्र लिख दिया गया है। साथ ही इस रिजर्वेशन काउंटर को संचालित करने वाले कर्मचारी का स्थानांतरण हो गया है। ऐसे में नए कर्मचारी के नाम से आईडी बनवाए जाने के लिए रेलवे विभाग को भी पत्र लिखा गया है। जल्द ही सभी समस्याएं दूर कर ली जाएंगी।
- पीएन मिश्रा, पोस्टमास्टर, प्रधान डाकघर औरैया