बिधूना (औरैया)। अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण वादकारियों को परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए तहसीलदार ने मौके पर जाकर चौपाल लगाकर सुनवाई करने का निर्णय लिया है। इस संदर्भ में वादकारियों को सूचना दे दी गई है।
तहसीलदार के खिलाफ आरोप लगा अधिवक्ता एक सप्ताह से कलमबंद हड़ताल पर हैं। उन्होंने तहसील के पटलों पर वसूली का आरोप लगाया है। सोमवार को तहसील परिसर में आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने मांगें पूरी न होने पर मंगलवार तक के लिए हड़ताल बढ़ा दी। इधर तहसीलदार गौतम सिंह ने हड़ताल के कारण प्रभावित हो रहे पांच मामलों में सुनवाई का निर्णय लिया है।
तहसीलदार ने न्यायालय नायब तहसीलदार अछल्दा से संबंधित हरपुरा, लखुनों व दखनाई के पांच वादों की सुनवाई तीन मार्च को मौके पर जाकर चौपाल लगाकर करने का निर्णय लिया। वहीं हड़ताल के कारण सरकार की हो रही राजस्व की हानि को देखते हुए उप महानिरीक्षक निबंधन कानपुर मंडल ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर बिधूना के रजिस्ट्री कार्यालय का अन्यत्र संचालन कराने की बात कही है।