फोटो 01एयूआरपी01- कलेक्ट्रेट में ज्ञापन के साथ खड़े लेखपाल संघ के पदाधिकारी
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सदर तहसील क्षेत्र में लेखपाल के खिलाफ फर्जी बैनामे के मामले में दर्ज रिपोर्ट का लेखपाल संघ ने विरोध किया है। सोमवार को लेखपाल संघ का प्रतिनिधिमंडल कलक्ट्रेट पहुंचा। डीएम से रिपोर्ट वापस लेने व निलंबन की कार्रवाई निरस्त करने की मांग की।
घसीटे निवासी कसबा खानपुर ने 17 अप्रैल 2008 को रिश्तेदार द्वारा पैतृक भूमि का फर्जी बैनामा कराने और इसमें लेखपाल पतंजलि दुबे के शामिल होने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले लेखपाल को निलंबित किया गया है। इसको लेकर लेखपालों में रोष व्याप्त है। लेखपाल संघ का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह व जिला मंत्री प्रदीप सिंह जादौन के नेतृत्व में डीएम सुनील कुमार वर्मा से मिला। उन्हें तीन सूत्री मांग पत्र सौंपा।
लेखपालों ने कहा कि किसी प्रकरण में कर्मचारी की आपराधिक भूमिका रही है तो उस दशा में संबंधित अधिकारी कार्रवाई करेंगे। लेखपालों ने जिलाधिकारी से लेखपाल पतंजलि दुबे के खिलाफ दर्ज एफआईआर व निलंबन वापस लेने की मांग की। इस मौके पर लेखपाल धर्मेंद्र यादव, राज शेखर, अंकित अग्रवाल, आलोक पाल, बाबराम प्रजापति आदि मौजूद रहे।