औरैया। धनिया, मिर्च और गेंदे के फूल उगाकर किसान अधिक आय कमा सकते हैं। इनके खेती पर उद्यान विभाग की ओर से अनुदान मिलेगा। विभाग ने पांच हेक्टेयर में फूलों की खेती और 30 हेक्टेयर में मसाले की खेती कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए फूलों की व्यावसायिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। पॉली हाउस बनाने पर जोर दिया जा रहा है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत जिले में फूलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। गेंदा सबसे अधिक बिकने वाला फूल है। धार्मिक अवसर हो या सामाजिक कार्यक्रम, इसकी मांग जरूर होती है। इस बार उद्यान विभाग को पांच हेक्टेयर में गेंदा फूलों की खेती का लक्ष्य तैयार किया गया है। एक हेक्टेयर खेती अनुसूचित जाति व चार हेक्टेयर की खेती सामान्य वर्ग के लोगों को करनी हैै। इसके लिए किसानों को प्रति हेक्टेयर 16 हजार रुपये अनुदान दिया जाएगा। साथ ही उद्यान विभाग मसालों की खेती के लिए बढ़ावा दे रहा है।
बागवानी मिशन के तहत 30 हेक्टेयर में जिले में मसालों की खेती की जानी है। इसमें दस हेक्टेयर अनुसूचित जाति व 20 हेक्टेयर सामान्य वर्ग के किसानों के लिए आरक्षित है। इस बार जोर मिर्च और धनिया की खेती पर है ताकि किसानों को जल्द ही फसल की कीमत मिल सके। करीब 30 हेक्टेयर में मिर्च की खेती की जानी है। जबकि पांच हेक्टेयर में धनिया की खेती को प्रोत्साहन देने की योजना है। इसके लिए किसानों को 12 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अनुदान दिया जाएगा।
अधिकारी बोले
पुष्प क्षेत्र में विस्तार योजना के तहत इस बार विभाग को पांच हेक्टेयर में गेंदा की खेती करने का लक्ष्य मिला है। जिसमें एक हेक्टेयर अनुसूचित जाति व चार हेक्टेयर सामान्य वर्ग के किसानों को करना होगा।
- अनूप चतुर्वेदी
जिला उद्यान अधिकारी