औरैया। कोरोना संक्रमण के चलते विश्वविद्यालय की रद्द परीक्षाओं के चलते छात्रों को प्रोन्नत किया जा रहा है। लेकिन, ऐसे छात्रों को उनकी मेहनत के आधार पर ही नंबर दिए जाएंगे। जो परीक्षाएं कराई जा चुकीं हैं, उन परीक्षाओं के मूल्यांकन से ही अंक मिलेंगे।
विश्वविद्यालय परीक्षाओं को कोरोना संक्रमण के चलते रोका गया था। 10 जुलाई से परीक्षा की घोषणा की गई पर ये परीक्षाएं संक्रमण के चलते रद्द कर दी गईं। विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक की रद्द हुई परीक्षाओं के चलते जिले में 42 हजार छात्र प्रोन्नत होंगे। श्रीगुलाब सिंह महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य श्रीपाल ने बताया कि समिति ने सिफारिश पर छात्रों को प्रोन्नत किया जा रहा है। उनको नंबर पिछली कक्षाओं के रिजल्ट के आधार पर मिलेंगे। जो छात्र अंतिम वर्ष में हैं उन्हें प्रथम व द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं में मिले अंक के आधार पर औसतन अंक मिलेंगे। जो द्वितीय वर्ष के छात्र हैं, उन्हें प्रथम वर्ष की परीक्षा के आधार पर अंक मिलेंगे और जो प्रथम वर्ष के छात्र हैं, उन्हें प्रोन्नत किया जाएगा। उनकी फाइनल की परीक्षा होने के बाद मार्कशीट जारी होगी। यह व्यवस्था सिर्फ उन्हीं विषयों पर आधारित होगी, जिन विषयों की परीक्षाओं को कोरोना संक्रमण के चलते रद्द किया गया है।
विश्वविद्यालय की जो परीक्षाएं हो चुकीं थी। उनका मूल्यांकन कराया जा रहा है। इन विषयों के नंबर जो मिलेंगे वही जुड़ेंगे। इन विषयों में प्रोन्नत का नियम लागू नहीं होगा। नियम केवल उनक विषयों पर होगा, जिनकी परीक्षाएं रद्द की गईं हैं।