रुरुगंज। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव साहूपुर गांव में शनिवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी पार कर दी। घटना के समय परिवार के सदस्य बरामदे में सो रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। प्राथमिक जांच में पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
साहूपुर गांव निवासी मनोज कुमार रात करीब 11 बजे पुलिस को घर में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही रुरुगंज चौकी इंचार्ज अजय प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित मनोज ने बताया कि चोर शाम को ही किसी तरह घर में घुसकर छिप गया था। रात में जब उनके भाई अशोक, पिता रामदत्त और मां घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे, तब चोर ने कमरे का ताला तोड़ दिया।
अंदर रखे बक्से को तोड़कर उसमें रखीं चार सोने की अंगूठियां, तीन जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की सुतिया, कान की झुमकी, एक सोने का हार व अन्य जेवरात और 70 हजार रुपये पार कर दिए। जेवर मनोज की पत्नी, बहन सोमवती और भांजे राहुल के थे, जिनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। अचानक नींद खुलने पर परिजन ने कमरे का ताला टूटा और सामान बिखरा देखा।
कोतवाल विनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पीड़ित कुछ दिन पहले भी इसी तरह दूसरे सामान की चोरी का आरोप लगा चुके हैं। फिर भी हर पहलू से घटना की जांच कर रही है।
-
परचून की दुकान में छत के रास्ते घुसे चोर, 55 हजार का माल पार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुरादगंज। गांव मुरादगंज में जिला पंचायत इंटर कॉलेज के सामने स्थित एक परचून की दुकान से हजारों की नकदी समेत किराना का सामान चोरी कर ले गए।
मुरादगंज में जिला पंचायत इंटर कॉलेज के पीछे की बस्ती निवासी इमरान मंसूरी की दलेलनगर संपर्क मार्ग पर परचून की दुकान है। शनिवार शाम उनके बेटे की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके चलते वे दिनभर की बिक्री के रुपये गुल्लक में ही छोड़कर जल्दबाजी में दुकान बंद कर घर चले गए थे।
रविवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि उनकी दुकान के किनारे का दरवाजा खुला हुआ है। इमरान मौके पर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो छत के रास्ते घुसे चोर गुल्लक से करीब 25 हजार रुपये और 30 हजार रुपये का सामान पार कर ले गए। घटना की सूचना पर कोतवाल विनोद कुमार पहुंचे और छानबीन की। कोतवाल ने बताया कि पुलिस की टीम लगा दी गई है, चोरों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-15- घटना के बाद कमरे में फैला पड़ा सामान बैठा पीड़ित। संवाद