कोतवाली के पीछे औरैया महोत्सव का आयोजन स्थल तय होने के बाद गुरुवार को प्रशासन की ओर से मैदान को सजाने संवारने की कवायद शुरू की। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाकर कार्यक्रमों की समीक्षा की।
प्रशासन ने तिथियों में कोई परिवर्तन न करते हुए 15 से 24 जनवरी को बॉलीवुड नाइट के साथ महोत्सव का समापन कराने का निर्णय लिया है। 25 जनवरी को औरैया महोत्सव का समापन होगा। औरैया महोत्सव को लेकर गुरुवार को डीएम माला श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों संग बैठक की।
बैठक में महोत्सव के दौरान आयोजित कराए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही महोत्सव की भव्यता को लेकर विचार रखे गए।
बैठक में तय किया गया कि औरैया महोत्सव 17 जनवरी से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के साथ शुरू होगा। 19 जनवरी को गेल की ओर से रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 24 जनवरी को पुन: गेल आकर्षक कार्यक्रम आयोजित कराएगा।
21 जनवरी को ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स तो 23 को एनटीपीसी सिने कलाकारों का बॉलीवुड नाइट्स कार्यक्रम का आयोजन कराएगा। इसके अलावा 17 से 21 जनवरी तक सुबह के समय कृषि विभाग, पशुपालन विभाग व भूमि संरक्षण विभाग बारी-बारी से मॉडल, डिबेट व गोष्ठियां तथा पशु मेला आयोजित कराएंगे।
17 जनवरी को स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने की जिम्मेदारी डीआईओएस को सौंपी गई है। इसी दिन स्वास्थ्य विभाग विभाग से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करेगा। 18 को प्रधान सम्मेलन, 19 जनवरी को आंगनबाड़ी कार्यकत्री सम्मेलन आयोजित कराने की रूपरेखा तय की गई है।
औरैया महोत्सव को पूरी भव्यता के साथ कराने के लिए गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से आयोजन स्थल की साफ-सफाई कार्य शुरू करा दिया गया है। एसडीएम जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि औरैया महोत्सव में 15 जनवरी से दुकानें सज जाएंगी, जो आयोजन समाप्त होने के तीन-चार दिन और लगी रहेंगी।