सहार (औरैया)। विश्व डाक दिवस पर बच्चों को पत्र लिखने के बारे में बताया गया। शिक्षकों ने पत्र लिखने की विलुप्त हो रही शैली पर जोर देते हुए चिट्ठी लिखने के तरीके बताए। इस मौके पर बच्चों ने भी राष्ट्रपति से लेकर जिलाधिकारी तक को पत्र लिखे। जिसकी खूब सराहना की गई।
स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज सहार के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल समेत डीएम व एसपी को चिट्ठी लिखी और विलुप्त हो रही पत्र लेखन शैली को सीखा। विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा एक से 12 तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु सामाजिक, सांस्कृतिक व वैज्ञानिक गतिविधियों का आयोजन करने वाले भौतिकी प्रवक्ता रामेंद्र सिंह कुशवाहा ने विश्व डाक दिवस पर बच्चों को चिट्ठी लिखने की तरीके बताएं।
विभिन्न कक्षाओं के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पत्र लेखन शैली को सीखा और फिर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल समेत डीएम व एसपी को चिट्ठी लिखी। पहली बार चिट्ठी लिखने वाले बच्चों में गजब का उत्साह दिखा और अपने शिक्षक से पूछते फिरते रहे कि क्या डीएम, एसपी हमारा पत्र पढ़ेंगे। बच्चों ने पत्र लेखन शैली की बारीकियां सीखी और फिर सहार के पोस्ट ऑफिस में रखे लेटर बॉक्स में अपनी चिट्ठी डाली।
इस मौके को यादगार बनाने के लिए सेल्फी भी ली। शिक्षक रामेंद्र सिंह ने बताया बच्चों को अपनी जिज्ञासा से भरे पत्र लिखने के लिए कहा गया था। इस पर छात्रों ने अपनी मर्जी से एक विषय पर चिट्ठी लिख कर भेजी है। जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास के साथ रोजगार के पहलु जुड़े हैं।