औरैया : रेलिंग न लगने पर फूटा गुस्सा, पुलिया पर चार घंटे जाम
समझाने की कोशिश पर भीड़ ने अफसरों से की नोकझोंक
छात्रा की मौत के बाद दो दिन में रेलिंग का वादा याद दिलाया
अब पुलिया के पुनर्निर्माण की मांग बनी मुद्दा, लिखित आश्वासन पर हटी भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। पुलिया की टूटी रेलिंग के कारण नहर में गिरकर छात्रा की मौत के बाद भी कार्रवाई न होना सोमवार को बड़ा मुद्दा बन गया। सरकारी अनदेखी से नाराज ग्रामीण और विद्यार्थियों की भीड़ ने सुबह सात बजे से ग्राम राहतपुर की नजदीकी पुलिया पर जाम लगा दिया। रेलिंग के साथ पुलिया पुनर्निर्माण की मांग उठाई। मौके पर पहुंचे अफसरों से संतोषजनक जवाब न मिलने पर गुस्साई भीड़ ने पुलिया की खुदाई शुरू कर दी। नोकझोंक के बीच एसडीएम और सीओ करीब चार घंटे बाद लोगों को शांत करने में कामयाब हो सके।
ग्राम शहबदिया निवासी छात्रा वंदना की 29 अगस्त को स्कूल जाते समय भोगनीपुर लोअर गंगा कैनाल की पुलिया से गिरकर मौत हो गई थी। पुलिया पर रेलिंग न होना हादसे का कारण बना था। उस वक्त अफसरों ने दो दिन में पुलिया पर रेलिंग लगवाने का आश्वासन दिया था। यह आश्वासन हवाई साबित होने पर नजदीकी 10 गांवों के लोग पुलिया के आसपास जमा होकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल थे। इनमें मौजूद छात्राओं ने सुरक्षा का सवाल उठाते हुए प्रशासन पर समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया। नारेबाजी के बीच जाम लगा दिया।
कुछ समय बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर अनुपम शुक्ला और सीओ श्योदान सिंह ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया तो प्रदर्शनकारी बिगड़ गए। कहा कि हादसे के बाद भी दो दिन में कार्रवाई का वादा किया गया था। रेलिंग के साथ-साथ पुलिया के पुनर्निर्माण की मांग उठने लगी। मांग के बीच लोगों ने पुलिया की खुदाई शुरू कर दी। उनका कहना था कि खुदाई होने पर अफसरों को पुनर्निर्माण के लिए मजबूर होना पड़ेगा। खुदाई रोकने की कोशिश पर लोगों ने एसडीएम और सीओ से नोकझोंक शुरू कर दी। एसडीएम बमुश्किल करीब 11.30 बजे लोगों को शांत कर सके। लिखित में भरोसा दिया कि बिना ढिलाई जल्द रेलिंग के साथ पुलिया का सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।