औरैया। शुक्रवार सुबह जमीन की रंजिश में छह लोगों ने किसान को लाठी-डंडों से पीटने के बाद कुल्हाड़ी मारकर मरणासन्न कर दिया था। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर इतिश्री कर ली। यह आरोप लगाकर किसान की पत्नी ने एसपी से गुहार लगाई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव सलैया बखरिया निवासी सुनीता ने एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि शुक्रवार सुबह उसके पति गोपाल दास खेत पर काम कर रहे थे। तभी गांव के चार दबंग दो अज्ञात लोगों संग आए। जहां दबंगों ने उसके पति को जमीन की रंजिश में लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद जान लेने की नीयत से सिर पर कुल्हाड़ी मारकर मरणासन्न कर दिया था।
आसपास खेतों पर काम कर रहे लोगों ने ललकारा तो दबंग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। कुल्हाड़ी के हमले से पति के माथे व सिर पर गहरी चोटें आईं हैं। हालत गंभीर होने पर उन्हें 50 शैया युक्त जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया।
उसने कोतवाली पुलिस को जानलेवा हमले की तहरीर दी थी। लेकिन पुलिस ने किसान को मरणासन्न करने वाले नामजदों व अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला करने की बजाय मामूली धारा में रिपोर्ट दर्ज कर इतिश्री कर ली। पत्नी ने एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराकर आवश्यक कार्रवाई कराएं।