आग लगने पर घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण।
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर। देवराय का पुरवा गांव में रविवार दोपहर अज्ञात कारणों से एक घर में आग लग गई। धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चार अन्य मकानों को चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंचीं गेल व जिला फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांच घर पूरी तरह जल गए।
दिबियापुर से महज दो किलोमीटर दूर स्थित देवरायपुरवा गांव में रविवार दोपहर राजकुमार पुत्र नाथूराम के घर में आग लग गई। देखते दी देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठतीं देख ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर गेल व जिले के फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर पहुंची गेल और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश की।
इस बीच देखते ही देखते उमाशंकर व विशाल पुत्रगण नाथूराम, कैलाश पुत्र देवी दयाल, शिवपाल पुत्र रामेश्वर दयाल के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से घरों में रखा गल्ला, खाने-पीने का सामान व गृहस्थी जल कर राख हो गई। आग इस कदर भयंकर रूप ले चुकी थी कि फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में दो घंटे का समय लगा। घटना की सूचना पर पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राजस्वकर्मी नुकसान का आकलन कर रहे हैं।